छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आसपास स्थित ग्राम धमनी, कड़ार, सेंवार और चकरभाठा के कई बच्चों का भविष्य अंधकार में पड़ गया है। आरटीई के तहत नामांकित इन बच्चों के स्कूल ने अचानक सत्र 2025-26 से बंद होने की घोषणा कर दी। क्षेत्र में कोई अन्य प्राइवेट स्कूल न होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इससे परेशान होकर बच्चों और उनके परिजनों ने कलेक्टर से अन्य स्कूलों में प्रवेश दिलाने की मांग की। अभिभावकों ने कहा कि स्कूल के बंद होने से वे बहुत परेशान हैं, क्योंकि वे निजी स्कूलों की फीस वहन करने में सक्षम नहीं हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी ने बताया कि जिले में विनर्स वैली जरहभाठा और सेंट एंड्रयूज स्कूल धमनी इस सत्र से बंद होने की सूचना दे चुके हैं। प्रशासन ने प्रबंधन से स्कूल संचालन जारी रखने का आग्रह किया, लेकिन वे असमर्थता जता रहे हैं।




