
ग्राम हिरमी स्थित शराब दुकान में युवक के साथ गंभीर मारपीट कर प्राणघातक चोट पहुंचाने वाले तीन आरोपियों को सुहेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हाथ-मुक्का, लाठी और रॉड से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना 13 दिसंबर 2025 की रात की है।पीड़ित विवेकानंद वर्मा, निवासी ग्राम तुलसी मानपुर जिला रायपुर ने 24 दिसंबर 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार वह अपने रिश्तेदार के साथ हुई मारपीट के संबंध में पूछताछ करने हिरमी शराब दुकान पहुंचा था, जहां कर्मचारियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और दुकान के अंदर ले जाकर दरवाजा बंद कर बेरहमी से पिटाई की।मारपीट में विवेकानंद वर्मा को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए रामकृष्ण हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती कराया गया। आरोपियों ने उसके साथ आए एक अन्य व्यक्ति के साथ भी मारपीट की और वाहन में तोड़फोड़ भी की। मामले में थाना सुहेला में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया।पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में सुहेला पुलिस ने गवाहों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों कवि कुमार मनहरे, राजेंद्र कुमार कुर्रे उर्फ सोनू और बद्री प्रसाद चेलक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें 27 जनवरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।




