
चकरभाठा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। होटल शिवा इन की छत पर हुक्का पिलाने की सूचना मिलने पर चकरभाठा पुलिस ने दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में हुक्का उपकरण और तंबाकू फ्लेवर जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार आरोपी सिद्धार्थ गुप्ता निवासी होटल शिवा इन, बोदरी, होटल की छत पर अवैध रूप से हुक्का संचालन कर रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और आरोपी को मौके से पकड़ लिया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 नग हुक्का पॉट, 6 पैकेट कोको कोल जेल, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप, एक कोल हीटर, तीन प्लास्टिक डिब्बों में तंबाकू युक्त फ्लेवर और 5 हजार रुपये नगद जब्त किए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 55 हजार रुपये आंकी गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार और तंबाकू से जुड़े कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




