बिलासपुर हिर्री थाना क्षेत्र के सकर्रा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 17 वर्षीय छात्र हरीश चक्रधारी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मिली जानकारी के अनुसार, हरीश 12वीं कक्षा का छात्र था और हाल ही में अपनी परीक्षा देकर घर लौटा था। परीक्षा के बाद वह सामान्य लग रहा था, लेकिन अचानक उसने अपने कमरे में आत्मघाती कदम उठा लिया। जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने झांककर देखा, जहां उसे फांसी के फंदे से लटका पाया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मृतक के परिजनों, दोस्तों और शिक्षकों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वजहों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक छात्र के परिवार वाले सदमे में हैं और उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हरीश एक होनहार छात्र था और अपने भविष्य को लेकर गंभीर था, ऐसे में उसकी आत्महत्या कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकता है।




