पति के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जला देने का सिरगिट्टी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना में बुरी तरह झुलसे पति को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया और आरोपित पत्नी के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

सिरगिट्टी क्षेत्र के आशीर्वाद परिसर में किराये से रहने वाले ड्राइवर लवकुश साहू ने सिरगिट्टी थाने पहुँचकर उसके भाभी के द्वारा अपने पति को जिंदा जलाने का प्रयास करने की शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उनके पड़ोस में उनका भाई गोरेलाल साहू अपनी पत्नी नेहा और बच्चे के साथ रहता है। वह भी आटो चालक है। बीती रात उसका भाई गोरेलाल साहू काम से लौटा और अपनी पत्नी से खाना मांगा। इस पर उसकी पत्नी ने नाराजगी जताते हुए दूसरी पत्नी के पास जाने की बात कहते हुए विवाद करना शुरू कर दिया।इसी बीच उसके भाई की पत्नी नेहा ने मौका पाते ही अपने पति गोरेलाल पर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस मार दी। इससे गोरेलाल के ऊपर आग लग गई। वह जान बचाकर बाहर भागा।



उसकी यह स्थिति देख गोरेलाल के भाई लवकुश कंबल लेकर दौड़ा और किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई। इसके बाद उसने उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सिम्स में उसे बर्न यूनिट में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी भारती मरकाम ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने मामले में आरोपित पत्नी नेहा साहू को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 307 के तहत अपराध दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। बताया जा रहा कि अक्सर पति-पत्नी के बीच एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को लेकर विवाद होता रहता है। जिससे तैश में आकर पत्नी ने अपने पति पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया।



