भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा ने प्राइवेट स्कूलों में एनसीआरटी की पुस्तकें लागू करने की मांग पर जिला दंडाधिकारी के माध्यम से पीएम, राज्यपाल, सीएम और जीएसटी आयुक्त सहित अन्य के नाम ज्ञापन सौंपा। शुक्रवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अंकित पाल ने बताया कि केंद्र सरकार ने सीबीएसई और सीजीबीएसई के निजी स्कूलों में एनसीआरटी की पुस्तकें लागू करने की योजना शुरू की है। जिसे आजतक निजी स्कूलों के लिए लागू नही किया जा सका है। आलम ये है कि वर्तमान में पुस्तक और कॉपी विक्रेताओं की ओर से एमआरपी दरों में 9 से 10 हजार रुपये में पुस्तक कॉपी बेची जा रही है।

यदि किसी गरीब के घर 2 या 3 बच्चे है और उसने अपने बच्चे को प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने का सपना देखा है तो उसे कर्ज लेकर कॉपी किताबों का खर्च उठाना पड़ रहा है। अगर एनसीआरटी योजना स्कूलों में लागू हो जाती है तो जो पुस्तक 250 से 300 में बिक रही है उसके दाम 55 से 60 रुपये हो जाएंगे और इस तरह अभिभावकों को एक बच्चे के पीछे मात्र 500 से 700 रुपये ही खर्च करने होंगे। इसलिए इसपर गंभीरता दिखाते हुए युवा मोर्चा ने प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और जीएसटी कमिश्नर आयुक्त सहित अन्य को कलेक्टर अवनीश शरण के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। भारतीय जनता पार्टी ने आशा व्यक्त किया है कि उनकी मांगों पर जल्द से जल्द मुहर लग सकेगा।


