श्री सोलापुरी माता पूजा महोत्सव के आयोजन में बुधवार को आयोजित स्थल बारह खोली चौक स्टेशन रोड बंगला यार्ड में मां मुत्यालम्मा की प्रतिमा स्थापित की गई।

इन दिनों श्री सोलापुरी माता पूजा महोत्सव का आयोजन रेलवे क्षेत्र में किया जा रहा है। यहां प्रतिदिन दक्षिण भारत की प्रसिद्ध देवियों की स्थापना कर उनकी पूजा अर्चना की जा रही है।

श्री सोलापुरी माता पूजा सेवा समिति के आयोजन सोलापुरी माता पूजा महोत्सव में दक्षिण भारत के उन प्रसिद्ध देवी देवताओं के प्रतिमाओं की स्थापना कर विधि विधान के साथ पूजा की जा रही है, जिनके दर्शन करने दक्षिण भारतीय हर वर्ष जाते हैं। दक्षिण भारत में प्रचलित इन देवी देवताओं से सामान्य तौर पर उत्तर भारत के लोग कम परिचित है। इसी क्रम में बुधवार को आयोजन स्थल बारह खोली चौक स्टेशन रोड बंगला यार्ड में मां मुत्यालम्मा की प्रतिमा स्थापित की गई। मां मुत्यलम्मा मां दुर्गा और काली का ही एक स्वरूप मानी जाती है। मान्यता है कि बच्चों को होने वाले चिकन पॉक्स, गर्मी के दिनों में लगने वाले लू आदि से बचाव के लिए माता की पूजा अर्चना की जाती है। इन्हें चिकन पॉक्स यानी छोटी चेचक वाली देवी भी कहा जाता है। मां मुत्यालम्मा का भव्य मंदिर हैदराबाद, तेलंगाना और विजयनगरम आंध्र प्रदेश में है । मां मुत्यालम्मा नव वर्ष आगमन की देवी मानी जाती है, जो सुख, समृद्धि, वैभव, धन धान्य और लोक कल्याण की भावना लेकर आती है। मां भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती है।

हर महीने की अमावस पर देवी की विशेष पूजा होती है और वर्ष में उगादि के एक दिन पहले पड़ने वाले अमावस पर उनके मंदिर में भक्तों का रेला उमड़ता है। मां मुट्यलम्मा चार हाथों वाली देवी है। उनके एक हाथ में त्रिशूल, एक में शंख और एक में चक्र है। चौथा हाथ अभय मुद्रा में है। पुजारी पार्थ सारथी ने बताया कि देवी को पीला वस्त्र अत्यंत प्रिय है, जो सिंहासन में विराजमान है। उनके इस स्वरूप की रचना उन्होंने गीली हल्दी से की। देवी के इस अद्भुत स्वरूप को देखकर भक्त मंत्र मुग्ध हो गए। बुधवार को भी वैदिक मंत्रोच्चार और डफली की आवाज के साथ देवी की आरती की गई। उपस्थित अपार जन समूह ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

मां मुत्यलम्मा को अत्यंत प्रिय चंद्रकांतालू का भोग अर्पित किया गया। आंध्र प्रदेश में मूंग दाल, शिरा आदि से इस व्यंजन को तैयार किया जाता है। इसे भक्तों में प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।श्री सोलापुरी माता पूजा के आयोजन में प्रतिदिन महिलाओं और बच्चों को लकी ड्रॉ निकालकर आकर्षक उपहार भी दिए जा रहे हैं। इसके लिए सभी को नि:शुल्क कूपन वितरित किया जाता है। इस आयोजन के तहत शुक्रवार को कुमकुम पूजा का आयोजन किया जाएगा जिसमें 800 से अधिक महिलाएं अपने अखंड सुहाग के लिए विशेष पूजा अर्चना करेंगी। इस अवसर पर महिलाओं के लिए भोज का आयोजन समिति की ओर से किया जाएगा, जिसका पंजीयन इन दोनों किया जा रहा है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
21,600SubscribersSubscribe
spot_img

Latest Articles