एसडीएम बिलासपुर ने बोर्ड परीक्षा परिणाम के समय बच्चों के तनाव को दूर करने के लिए जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे फेसबुक लाइव कार्यक्रम में बच्चों, पालकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि अभी आगामी दिनों में 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम आने वाले हैं। अभी बच्चे फ्री हैं। विद्यालय नहीं जा रहे हैं। अतः बहुत अच्छा मौका है कि आप अपने बच्चों के साथ अधिक से अधिक समय व्यतीत करें। हो सके तो छुट्टी में बच्चों के साथ बाहर घूमने का प्रोग्राम बनाएं क्योंकि ऐसा मौका बार-बार नहीं मिलता।

इस समय आप बच्चों के ऊपर कोई चीज थोपिये मत। यदि आपका बच्चा परीक्षा परिणाम को लेकर के चिंतित नजर आ रहा है तो ऐसे समय में उसे हर फील्ड के लोगों से मिलवाइए, जिससे बच्चा अपने लिए एक अच्छा रुचिकर फील्ड चुन सके। बच्चों को कहिए कि वह अपने एफर्ट पर फोकस करें, हर कार्य में अपना बेस्ट दे, परंतु रिजल्ट पर फोकस ना रहे।


