Homeहमर बिलासपुरगर्मी का कहर जारी, ऐसे में हेमू नगर तहसीलदार गली में पानी...

गर्मी का कहर जारी, ऐसे में हेमू नगर तहसीलदार गली में पानी के लिए मचा हाहाकार।

बिलासपुर के हेमू नगर स्थित तहसीलदार गली में पिछले एक सप्ताह से पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। मोटर पंप जल जाने की वजह से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। हैरानी की बात है कि एक सप्ताह बाद भी सुधार कार्य नहीं हो पाया जिसके चलते यहां हाहाकार मचा हुआ है। एक तरफ पारा चढ़ता चला जा रहा है। आसमान से अंगारे बरस रहे हैं। दिन में तो क्या रात में भी लू चल रही है और ऐसे में बिलासपुर के कई क्षेत्रों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। बिलासपुर को स्मार्ट सिटी बताया जाता है लेकिन हालात यह है कि यहां अभी भी ठीक से जलापूर्ति तक संभव नहीं। हर साल यह समस्या आती है लेकिन इसके निदान के लिए कोई व्यवस्था नहीं की जाती।

बिलासपुर के सबसे बड़े वार्ड में से एक हेमू नगर की भी स्थिति अलग नहीं है, यहां शंकर नगर में स्थित एकमात्र पानी टंकी से पूरे क्षेत्र में पानी की सप्लाई की जाती है, जो की गर्मी के इस मौसम में पर्याप्त नहीं होती। वार्ड में कई जगह बोर भी है लेकिन गर्मी आते ही बोर भी हांपने लगते हैं। पिछले 7 दिनों से हेमू नगर के तहसीलदार गली में पानी की सप्लाई बंद है। दरअसल यहां बंधवा तालाब के सामने स्थित बोरवेल का मोटर जल गया है। हैरानी की बात यह है कि 7 दिनों में भी इसे दुरुस्त नहीं किया जा सका। जनप्रतिनिधियों की उदासीनता और जल विभाग के कर्मचारियों की अकुशलता के साथ संसाधनों की कमी आड़े आ रही है। पता चला कि यहां बोरवेल का मोटर जल गया है लेकिन नगर निगम के पास नया मोटर नहीं है तो वहीं बोरवेल में पुराने पाइप डाले जा रहे हैं जिसकी कभी चूड़ी खिसक रही है तो कभी कुछ और हो रहा है। रोज मजदूर आते हैं काम करते हैं लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिलती। इस बीच इलाके में टैंकर से पानी की सप्लाई की गई, इसमें भी मारामारी की स्थिति देखी गई। लोगों ने इस समस्या के लिए स्थानीय पार्षदों पर भी जमकर गुस्सा निकाला। उन्होंने कहा कि पार्षद समस्या एक दूसरे पर डालते हैं जिससे समाधान नहीं निकलता।

पिछले 7 दिनों से बोर खराब होने के चलते यहां घरों में एक बूंद पानी नहीं आ रहा। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि टंकी से पानी आना तो कब का बंद हो चुका है। पूरा क्षेत्र बोर के भरोसे ही है जिसमें खराबी आने पर हमेशा यही स्थिति होती है। तहसीलदार गली प्रवेश मार्ग पर एक पंप मौजूद है जिस पर पूरा क्षेत्र आश्रित है। दूसरा पंप दुर्गा पंडाल मैदान में है जिससे इलाके के कुछ घरों में सप्लाई हो पा रही है। पूरा मोहल्ला शंकर नगर स्थित पानी टंकी पर आश्रित है। जहां से टेल एरिया तक प्रेशर ना होने से पानी नहीं पहुंच पा रही। जैसे-जैसे टंकी से दूरी बढ़ती है समस्या भी बढ़ती जाती है। वर्तमान में तहसीलदार गली, सांई मंदिर, कलचुरी स्कूल के पास के इलाके में भीषण जल संकट है। असल में होता यह है कि जब टंकी भरता है तो शुरू के कुछ मिनट तक तो टेल एरिया तक प्रेशर की वजह से पानी पहुंच जाता है लेकिन जैसे ही टंकी खाली होने लगता है तो टेल एरिया तक पानी नहीं पहुंच पाता। तो वहीं जिन क्षेत्रों में बोर नहीं है वहां समस्या और विकराल हो जाती है। जैसा कि कलचुरी स्कूल के आसपास के क्षेत्र में है। यहां भी पिछले करीब एक महीने से पानी की सप्लाई सुचारू रूप से नहीं हो रही है। दरअसल विशालकाय हेमू नगर में कम से कम दो और पानी टंकी की आवश्यकता है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की नाकामी है कि वे अब तक यह नहीं कर पाए। समस्या समाधान न होने पर बुधवार तक का अल्टीमेटम देते हुए पार्षद अशोक विधानी ने जोन कार्यालय घेराव की चेतावनी दी थी लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया, इसलिए लोग भी नहीं समझ पा रहे कि उनकी समस्या का निदान तब तक होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments