लोकसभा चुनाव 2024 के तहत 4 जून को होने वाले मतगणना कार्य के लिए नियुक्त मतगणना सुपरवाईजर, मतगणना सहायक और माईक्रोऑब्जर्वर को दूसरे चरण का प्रशिक्षण दो पालियों में जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभा भवन में दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश शरण भी शामिल हुए। उन्होंने अब तक लिये गये प्रशिक्षण के संबंध में कई प्रश्न पूछे। उन्होंने मतगणना दलों से चर्चा करते हुए कहा कि मतगणना का कार्य पूरे धैर्य और संयम से करें। प्रशिक्षण में दी जा रही मतगणना संबंधी आवश्यक बातों और क्रमबद्ध प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर ने निष्पक्ष एवं पारदर्शितापूर्ण मतगणना के लिए उपयोगी टिप्स भी दिए। प्रशिक्षण में नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरपी चौहान एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवकुमार बनर्जी ने भी प्रशिक्षण के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।




