बिलासपुर को भय, नशा, अपराध और दुर्घटना मुक्त बनाने के लिए पुलिस ने शनिवार से चेतना अभियान का आरंभ किया। शनिवार शाम को पुलिस मैदान से चेतना पदयात्रा की शुरुआत की गई, जो सत्यम चौक, पुराना बस स्टैंड, ईदगाह चौक होते हुए वापस पुलिस ग्राउंड पहुंची। पुलिस और जनता के बीच की दूरी को काम करते हुए जिले को भय मुक्त, नशा मुक्त, अपराध मुक्त, दुर्घटना मुक्त बनाने के उद्देश्य से एसपी रजनेश सिंह ने इस अभियान की शुरुआत की। शनिवार शाम को पुलिस मैदान में आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर अवनीश कुमार शरण, निगम आयुक्त अमित कुमार की उपस्थिति में इसका शुभारंभ हुआ।

चेतना अभियान के प्रथम चरण में यातायात के संबंध में जन जागरूकता हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें ऑटो रैली, हेलमेट बाइक रैली, यातायात पाठशाला, गुड सेमेरिटन का सम्मान, पुलिस पब्लिक पार्टिसिपेशन पुरस्कार दिया जाएगा। सप्ताह भर चौक चौराहो में तमाम समाजसेवी संगठनों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान के तहत आने वाले दिनों में साइबर फ्रॉड, नशा, सड़क दुर्घटना, महिला और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराध, संगठित अपराध पर प्रहार किया जाएगा, जिसमें शहर की जनता और समाज सेवी संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा।



