तापमान के उतार-चढ़ाव के बीच रविवार को नौतपा की ठंडी विदाई हो गई। रविवार को नौतपा का आखिरी दिन था। नौतपा खत्म होने के बाद अब लोगों को बेसब्री से मानसून का इंतजार है। हालांकि नौतपा ने पूरे 8 दिन तपाने के बाद अंतिम दिन लोगों को राहत दी। दरअसल 8 दिनों तक शोले बरसाने के बाद नवतपा के अंतिम दिन तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई। दोपहर के बाद शुरू हुए अंधड़ के बाद से पारा लगातार गिरता गया और 41 से 38 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बिलासपुर में झमाझम बारिश भी हो सकती है।

फिलहाल तब तक तापमान में गिरावट जारी रहेगा। गौरतलब हो कि नौतपा की शुरूआत विगत २५ मई को हुई थी।हालांकि नौतपा की शुरुआत तपिश से हुई थी लेकिन विदाई हल्के ठंडी से हुई। सुबह से ही आसमान में बादलों के बीच आंख मिचौली होती रही और धूप छांव का खेल जारी रहा। यही वजह रही कि लोगों को सूर्य की तपिश से जरूर राहत मिली लेकिन उमस भरी गर्मी ने जरूर हलकान कर दिया।


