अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने इस बार सभी यूनिवर्सिटी को मात्र दो मेरिट सूची जारी करने कहा है, बाकी बची सीटों पर 31 जुलाई तक ही कुलपति के विशेष परमिशन से प्रवेश देना है। अब ऐसे में निर्धारित तिथि के बाद अटल यूनिवर्सिटी ने स्नातक की 350 सीटों के लिए पहले मेरिट लिस्ट आरक्षण के अनुसार जारी की, इन छात्रों के पास एडमिशन के लिए मात्र तीन दिन का समय था, इसमें भी एक दिन रविवार की छुट्टी थी, ऐसे में मात्र दो दिन का ही समय मिला।


अटल यूनिवर्सिटी से सम्बद्ध 125 कॉलेज की 32 हजार सीटों पर 72,623 छात्रों ने आवेदन किया था, इसमे अंतिम तिथि की शाम तक मात्र 1027 छात्रों ने ही प्रवेश लिया है, सभी कॉलेजों की सीटें खाली है, शहर के बड़े कॉलेज में अलग-अलग विभाग में 2 से 3 प्रवेश हुए हैं, अटल यूनिवर्सिटी के अनुसार 9 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी हुई है, इन छात्रों को 14 जुलाई तक प्रवेश का समय मिलेगा। इसमें छात्रों को सभी दस्तावेजों के साथ कॉलेज में पहुंचकर प्रवेश लेना है। डीपी विप्र कॉलेज की प्राचार्य ने बताया कि बीएससी के बाद बीकॉम में कट ऑफ ऊपर गया है जबकि बीए में कट ऑफ काम है। इसके बाद 1 अगस्त से ही कॉलेज में कक्षाएं प्रारंभ होगी।




