सरकंडा के पीछे और साइंस कॉलेज के पास नया सब स्टेशन बन रहा है। लेकिन 5000 केवीए का ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे चालू नहीं किया जा सका है। दोनों सबस्टेशन शुरू होने पर 10,000 से ज्यादा बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।करीब 4.85 करोड़ में यह सब स्टेशन तैयार हो रहा है। इसके बाद सिरगिट्टी और पुराने बस स्टेशन के पास भी सब स्टेशन बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। राजधानी में ट्रांसफार्मर गोदाम में लगी आग के बाद पूरे प्रदेश में किल्लत शुरू हो गई है। डेढ़ महीने से 5000 केवीए का ट्रांसफार्मर नहीं मिल रहा है।


इस वजह से सरकंडा मुक्तिधाम और साइंस कॉलेज के पास बने दोनों सब स्टेशन शुरू नहीं हो पा रहे हैं। इस साल गर्मी में शहर की बड़ी आबादी पावर कट से परेशान होती रही। ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ाने के कारण बार-बार बिजली बंद हो रही थी। इसका हल निकालने के लिए शहर में दो स्थानों पर सब स्टेशन बनाया गया है। सरकंडा मुक्तिधाम के पास 90 लाख की लागत से सब्जी व्यापारियों के लिए बने चबूतरो को तोड़कर 2.63 करोड़ से 33/11 केवीए का स्टेशन बनाया जा रहा है।



