नगर निगम के सख्ती के बाद आखिरकार तोरवा पावर हाउस चौक सड़क किनारे मछली मीट दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने अपना दुकान स्थाई रूप से नगर निगम के द्वारा बनाए गए चिकन और मछली मार्केट में शिफ्ट कर लिया है यहां व्यवस्थित तरीके से दुकानें लगने से अब तोरवा के मुख्य मार्ग में किसी तरह की यातायात प्रभावित नहीं हो रही है वहीं दुकानदारों को सुविधाओं का भी लाभ मिल रहा है।

तोरवा पावर हाउस चौक के पास लंबे समय से अव्यवस्थित तरीके से मछली और मुर्गा दुकान लगने से यातायात बहुत ज्यादा प्रभावित हो रही थी। दुकानदार ना केवल सड़क घेरकर अपना व्यापार चला रहे थे। बल्कि खरीददार भी सड़क में ही अपनी वाहनें खड़ी करके खरीददारी कर रहे थे। इससे राह चलते आम राहगीर काफी हलकान थे। वह भी तब जब यहां एक करोड़ की लागत से हाइजीनिक फिश मार्केट तैयार किया गया था। कुछ बरस पहले सभी मछली मुर्गा वालों को वहां शिफ्ट किया गया था लेकिन बाद में ग्राहक ना मिलने का रोना रोते हुए यह दुकानदार वापस सड़क किनारे लौट आए थे। वही नगर निगम के द्वारा भी यहां दुकान लगाने वालों को दुकानें शिफ्ट करने लगातार समझाइए भी दी जा रही थी। बावजूद इसके दुकानदार अपनी जिद पर अड़े हुए थे और सड़क किनारे ही व्यापार कर रहे थे। जिसके चलते नगर निगम को सख्ती दिखाना पड़ा और अब वर्तमान में सारे दुकानदार नगर निगम के द्वारा बनाए गए चिकन और मछली बाजार में व्यवस्थित तरीके से दुकान लगा रहे हैं।


सड़क किनारे से दुकानों के हटने से राह चलते लोगों को अब किसी तरह की कोई यातायात के दौरान समस्याएं नहीं हो रही है, नाही सड़क में अब किसी तरह की कोई जाम की समस्या निर्मित हो रही है वहीं सड़क में पसरी अव्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित कर लिया गया है। ज़ी न्यूज़ की टीम ने मछली और मुर्गा मार्केट में शिफ्ट होने वाले दुकानदारों से भी बातचीत की। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा की जानकारी के अभाव में भले ही कम लोग ही यहां खरीदारी करने पहुंच रहे हैं लेकिन धीरे-धीरे उन्हें उम्मीद है कि अच्छा रिस्पांस मिलने लगेगा। इस संबंध में टीम ने यहां खरीदारी करने वाले लोगों से भी बातचीत की उन्होंने कहा कि पहले की तुलना वर्तमान में उन्हें व्यवस्थित तरीके से जमे दुकानों से खरीदारी करने में अच्छा लग रहा है। यहां दुकानदारों के लिए भी तमाम तरह की सुविधा नगर निगम ने मुहैया कराई है। जैसे कल तक दुकानदार सड़क किनारे सुविधाओं के अभाव में दुकान लगा रहे थे तो वहीं वर्तमान में उन्हें बिजली, पानी, शौचालय सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही है।



तोरवा क्षेत्र स्थित नए मछली और मुर्गा बाजार में मछली, मुर्गा और अंडों की दुकानें शिफ्ट हो जाने से भले ही दुकानों की रोलिंग वर्तमान में कम है लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि जैसे-जैसे लोगों को यहां व्यवस्थित तरीके से जमे दुकानों की जानकारी मिलेगी। निश्चित ही पहले की तुलना बड़ी संख्या में लोग यहां खरीदारी करने पहुंचेंगे, यही आशा और उम्मीद यहां दुकान लगाने वालों को भी है। खास बात यह है कि यहां पहले हाइजीनिक फिश मार्केट का निर्माण किया गया था, जहां केवल मछली विक्रेताओं को ही शिफ्ट किया गया था, लेकिन वर्तमान में मछली और मुर्गा और अंडा दुकानों को भी यही शिफ्ट किया गया है, इससे एक तरफ जहां सड़क पर लगने वाला जाम समाप्त हुआ है, तो वहीं गंदगी और बदबू से भी निजात मिली है, लेकिन नगर निगम को इस बात के लिए भी सतर्क रहना होगा कि कहीं खाली जगह पर दोबारा बेजा कब्जा ना होने लगे, क्योंकि अभी भी यहां शाम होते ही इक्का दुक्का ही सही, ठेले वाले दुकान लगाने लगे हैं।



