दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने पर बिलासपुर नगर निगम को पूरे देश में पहला स्थान मिला है। इस बड़ी उपलब्धि के लिए नगर पालिक निगम बिलासपुर को राष्ट्रीय पुरस्कार स्पार्क अवार्ड से नवाजा गया है। नई दिल्ली में आयोजित स्पार्क अवार्ड 2023-24 कार्यक्रम में अवार्डों की घोषणा की गई, जिसमें बिलासपुर नगर निगम को तीन लाख से दस लाख तक जनसंख्या के श्रेष्ठ निकायों में पूरे देश में प्रथम स्थान दिया गया हैं। देश की राजधानी में आयोजित स्पार्क अवार्ड में केंद्रीय शहरी एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के हाथों बिलासपुर नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने स्पार्क अवार्ड ग्रहण किया। डे एनयूएलएम अंतर्गत पीएम स्वनिधि में भी बिलासपुर का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है।




