घुरू अमेरी में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए मकानों पर निगम के दस्ते ने बुलडोजर चला दिया। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर अतिक्रमण विभाग और जोन की टीम ने घुरु में अतिक्रमण पर कार्यवाही की, पिछले हफ्ते ही कलेक्टर और निगम कमिश्नर अमित कुमार द्वारा इस क्षेत्र का दौरा किया गया था। दौरे के दौरान कुछ जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करने के निर्देश दिए गए। बताया जा रहा है कि घुरू में दूसरे जिले से आए और अन्य लोगों ने अतिक्रमण कर अवैध रूप से 25 कच्चे मकान बनाएं थे।



जिसमें निगम कमिश्नर अमित कुमार के निर्देश पर 25 मकान मालिकों को नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बाद अतिक्रमण विभाग भवन शाखा और जोन क्रमांक एक की टीम ने शुक्रवार को अतिक्रमण की कार्यवाही कर बुलडोजर चलाया। कार्यवाही के दौरान कुछ स्थानीय लोगों द्वारा कार्यवाही का विरोध किया गया। लेकिन तैनात पुलिस बल के साथ कार्यवाही पूरी की गई। शेष 8 मकान अभी भी अतिक्रमण मुक्त होने के लिए बचे है। जिनमे अभी भी परिवार रह रहे हैं। जिन्हें एक हफ्ते की मोहलत दी गई है। अन्यथा इन मकानों पर भी अतिक्रमण की कार्यवाही की जाएगी।



