मुंगेली में नवनिर्मित सड़क की बदहाली 2 माह बाद ही बता रही है कि इसके निर्माण में जमकर भ्रष्टाचार किया गया है। इसलिए इसे लेकर अब आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है।

नगर पालिका मुंगेली का विवादों से गहरा नाता है। हमेशा किसी न किसी मुद्दे को लेकर ये विवाद से घिरा रहता है। हाल ही में 2 माह पूर्व शंकर वार्ड प्रेम आर्य के घर से सिंधी कालोनी चौक तक 13 लाख 36 हजार की लागत से बना सीसी सड़क निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। दो माह में ही – सड़क निर्माण की गुणवत्ता की कलई उतर आयी है। जगह जगह से रोड उखड़ने लगे हैं। फिलहाल इस नवनिर्मित सड़क में छोटे छोटे गड्ढे बनने लगे हैं।

सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए वार्डवासी महेश मल्लाह ने कहा कि स्तरहीन निर्माण और गुणवत्ताहीन मटेरियल के प्रयोग के चलते दो माह में ही सड़क निर्माण का पोल खुलने लगा है। वार्डवासियों ने सड़क के निर्माण की जांच की मांग करते हुए कहा है कि संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोका जाए। गुणवत्ता परीक्षण पश्चात ठेकेदार, इंजीनियर एवं नगर पालिका के कार्यपालन अधिकारी पर कार्यवाही होनी चाहिए। ताकि आने वाले समय मे भ्रष्टाचार को रोका जा सके।


वही नव पदस्थ कार्यपालन अधिकारी अमरेश सिंह ने कहा कि उक्त सड़क के निर्माण की गुणवत्ता परीक्षण कराया जाएगा। साथ ही परीक्षण रिपोर्ट जब तक नही आएगा ठेकेदार को निर्माण के लिए भुगतान नही किया जाएगा। साथ ही सड़क के परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर शासन द्वारा संबंधित लोगों पर आवश्यक कार्यवाही किया जाएगा। अब देखना होगा कि उक्त सड़क की जांच कब तक पूरी होती है। वहीं संबंधित ठेकेदार या इंजीनियर के ऊपर क्या कार्यवाही की जा रही है ।



