शुक्रवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज द्वारा बड़ी शोभायात्रा निकाली गई। इस माध्यम से आदिवासियों की ताकत का प्रदर्शन किया गया लेकिन इस रैली में कुछ लोग हथियारों के साथ भी नजर आए जो चर्चा का विषय रहा। जाहिर तौर पर प्रशासन द्वारा ऐसी रैलियों में हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होती फिर भी नियम विरुद्ध कुछ लोगों के पास हथियार नजर आए तो वहीं इस रैली के दौरान जगह-जगह झड़प की शिकायत भी सामने आई है। समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष परते का भी मानना है कि यह अनुचित है और इससे समाज की छवि खराब होती है। उन्होंने कहा कि कुछ बच्चे अति उत्साह में देव पूजन के अवसर पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं जिसके लिए उन्हें पहले ही मना किया गया था।





