शहर के रिहायशी क्षेत्र में पटाखा गोदाम में भीषण आग लग गई । आग की लपटें तेजी से उठ रही थी। बिलासपुर के तोरवा के जय गणेश पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई । देखते ही देखते आग की लपटें तेजी से बढती चली गई। कुछ ही देर में धमाके होने लगे। 11:30 बजे आग की लपटे शुरू हुई तो वही आधे घंटे बाद दमकल पहुंची उसके बाद पुलिस अधिकारियों का भी आने का दौर शुरू हो गया। निगम के चार दमकल ,एसईसीएल, और एनटीपीसी के दमकल भी आग बुझाने जुटे रहे भीषण आग से आस-पास के क्षेत्र में हड़कंप मच गई । ऐसा बताया जा रहा है कि अवैध रूप से गोदाम बनाकर रखा गया था। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि यहां लंबे समय से पटाखों का भंडारण कर बेचा जा रहा है, मजदूर के हाथ से गलती से धर पटक के गिर जाने के बाद उठी चिंगारी से आग लग गई ।


जय गणेश ट्रेडर्स का अधिकृत गोदाम वैसे तो राजकिशोर नगर में है लेकिन संचालक जितेश तलरेजा, सुनील तलरेजा, रोहित तलरेजा द्वारा तोरवा मेन रोड रिहायशी इलाके में अवैध रूप से गोदाम बनाया गया था, जहां आग लगते ही धमाके होने लगे और लपटे उठने लगी, जिससे आसपास रहने वालों में भी कोहराम मच गया।गौरतलब है कि 11:30 बजे तोरवा क्षेत्र के इस मकान से धुंआ उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया । उसके बाद पटाखे की गूंज से आसपास के लोगों को समझते देर नहीं लगी कि यहां आग लग गई है। बड़ी बात है कि रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे का भंडारण किया गया था। उसके बावजूद भी जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं थी और जानकारी भी थी तो अब तक का कोई कार्यवाही क्यों नहीं कि यह समझ से परे हैं, जबकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इसकी पूरी जांच की जाएगी उसके बाद कार्यवाही की जाएगी ।

रिहायशी इलाके में पटाखे के अवैध भंडारण में आग लगने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल रहा। लोग इस बात से सहमे रहे कि यह आग आसपास न फैल जाए। इधर सुरक्षा के लिए मुख्य मार्ग पर गुरु नानक चौक और जगमल चौक पर ट्रैफिक डायवर्ट कर यातायात को सुचारु किया गया। इस बीच बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर भी पहुंच गए जिनकी वजह से आग पर काबू पाने में दिक्कत होती रही। शुरुआती प्रयास में जब आग नहीं बुझी तो फिर पीछे की दीवार तोड़कर दमकल के सहारे आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस आगजनी में 4 से 5 करोड़ का नुकसान हुआ है, तो वही रिहायशी इलाके में अवैध रूप से पटाखे का भंडारण किये जाने की वजह से अब संचालक पर भी गाज गिरना तय है।





