लाख जतन के बाद भी सिम्स की व्यवस्था नहीं सुधर रही है,यही वजह है कि लगातार जिले के कलेक्टर सिम्स का निरीक्षण कर यहां की व्यवस्थाओं से खुद रूबरू हो रहे हैं ,इसी कड़ी में गुरुवार को बिलासपुर कलेक्टर अवनीश शरण सिम्स के निरीक्षण में पहुंचे इस दौरान उन्होंने सिम्स का अवलोकन करते हुए यहां की व्यवस्थाएं को लेकर सिम्स प्रबंधन से विचार विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने सिम्स की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि लगातार सिम्स में व्यवस्था सुधारे जाने की बात के बाद भी वे जब भी यहां निरीक्षण के लिए पहुंचते हैं यहां समस्याएं देखने को मिलती है।

इसके लिए उन्होंने सिम्स प्रबंधन को हर समय व्यवस्था दुरुस्त रखने की निर्देश दिए । निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजो से भी सिम्स की व्यवस्था पर सुझाव लिए। मरीजो और परिजनों ने सिम्स की अव्यवस्था पर असंतुष्टि जताई। जिस पर कलेक्टर ने प्रबंधन को व्यवस्था दुरुस्त करने कहा है,सिम्स के छत से लगातार पानी के रिसाव के प्रश्न पर कलेक्टर ने कहा कि क्योंकि सिम्स की बिल्डिंग विभिन्न चरणों में बनी है जिसकी वजह से सिपेज की शिकायत आई है।

इसे दुरुस्त करने की कोशिश की जा रही है, तो वहीं सिम्स में मरीजों को बेहतर उपचार मिले इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग हो रही है और यह प्रयास किया जा रहा है कि सिम्स में व्यवस्थाएं बेहतर हो, जिससे मरीजो का विश्वास सिम्स के प्रति बढ़ सके। हालांकि पिछले दिनों स्वास्थ्य मंत्री ने भी बैठक लेकर सिम्स की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने निर्देशित किया था, जिसके बाद से अब यहां व्यवस्था बनाने की कोशिश हो रही है।



