सिंह वाहिनी दुर्गा उत्सव समिति शिव टॉकीज चौक द्वारा पिछ्ले 17 वर्षो से धूमधाम से दुर्गा उत्सव मनाया जा रहा है। पूजा पंडाल में इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण के संदेश को दर्शाया गया है। लगभग सात लाख रुपये की लागत से इस पूजा पंडाल को तैयार किया गया है। पूजा पंडाल में कौन सा पेड़ एक दिन में कितना ऑक्सीजन तैयार कर मनुष्य जीवन में प्राण रक्षक बनता है। पेड़ क्यों नहीं काटना चाहिए। प्रत्येक मनुष्य को पेड़ क्यों लगाना चाहिए। नीम, बरगद, पीपल, जामुन, आम, गुलर आदि पेड़ों के महत्व को बताते हुए संदेश दिया गया है। लगभग एक माह से पूजा पंडाल निर्माण की तैयारी चल रही है।

समिति द्वारा आकर्षक विद्युत सज्जा भी की गई है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ अभियान जोरों शोरों से चल रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए सिंह वाहिनी दुर्गा उत्सव समिति ने यह पहल की है। जिसमें करीब 70 हजार रुपए के पेड़ पंडाल में सजाए गए हैं। पंडाल में लगे पेड़ से वे लोगों को यह बताना चाहते हैं कि मनुष्य के जीवन में पेड़ों का कितना महत्व है। समिति के सदस्य ने बताया कि पिछले 17 वर्षों से इसी प्रकार हर वर्ष नए-नए प्रयास हमारे द्वारा किये जाते है, ताकि लोगों में सामाजिक सुधार के प्रति जागरूकता बढ़े।





