
सत्ता से बाहर होने के बाद अब निगम चुनाव में सत्ता वापसी की छटपटाहट कांग्रेस में साफ नजर आ रही है। कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर है और 23 को युवा कांग्रेस सीएम आवास घेराव करने की तैयारी कर रही है। इस बीच लगातार कांग्रेस धरना प्रदर्शन भी कर रही है। प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ने का आरोप लगाया जा रहा है, जिस पर पलटवार करते हुए पूर्व मंत्री डॉ कृष्णमूर्ति बांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि छत्तीसगढ़ को अशांत करने का प्रयास कांग्रेस लगातार कर रही है। सोरोस के इशारे पर कांग्रेस के शीर्ष नेता देशभर में उथल-पुथल मचा रहे हैं।

उसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस भी छत्तीसगढ़ को एक तरफ अशांत करने का षड्यंत्र कर रही है तो वहीं दूसरी ओर प्रदेश में अपराध बढ़ने का दुष्प्रचार भी किया जा रहा है। कांग्रेस विधायक उत्तरी जांगड़े भरी सभा में तोड़फोड़ और आग लगाने का बयान देती है और उसकी आलोचना की बजाय कांग्रेस उसे शौर्य का प्रतीक बन रही है। पूर्व मुख्यमंत्री बयान देते हैं कि युवा अगर बेरोजगार होंगे तो वे हत्या और बलात्कार करेंगे। सूरजपुर में हेड कांस्टेबल के परिवार की हत्या में भी कांग्रेसियों का हाथ स्पष्ट हुआ है । बलोदा बाजार की घटना में भी शांति प्रिय सतनामी समाज के बीच घुसकर कांग्रेसियों ने ही तोड़फोड़ और आगजनी की थी। विदेशी ताकतों के इशारे पर कांग्रेस देश में उथल-पुथल मचाने का षडयंत्र कर रही है , जिससे आम लोगों को सावधान रहने की हिदायत डॉक्टर बांधी ने दी। उन्होंने एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री बघेल और विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा रायपुर में पत्रकार से किए गए दुर्व्यवहार की भी आलोचना की।




