
उसलापुर के अटल आवास मे रहने वाली संतोषी चेलकर सोमवार को अपने बच्चों के साथ कलेक्टोरेट पहुंची। संतोषी केलकर विकलांग है। उन्होंने बताया कि चार साल पहले उसे सरकार द्वारा एक बैटरी साइकिल दिया गया था। जो अब खराब हो गया है। जिसकी वजह से विकलांग महिला को कहीं भी आने-जाने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही ऑटो चालकों को मुंह मांगा किराया देना पड़ रहा है। संतोषी चेलकर ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि वह चल नहीं सकती है,उसे एक विकलांग साइकिल की आवश्यकता है। वर्तमान में उसके पास जो साइकिल है उसकी स्थिति बुरी तरह खराब हो चुकी है। इसके लिए वह कई बार कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर गुहार लगा चुकी है। लेकिन अब तक उसकी समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। विकलांग महिला ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा साइकिल वितरण पर बुलाएंगे कह कर उसे वापस भेज दिया जाता है। हर बार उसे अगली बार आना बोल कर यह मामला टाल दिया जाता है। विकलांग महिला ने बताया कि ऐसे कई लोग हैं जिनके पास साइकिल है उन्हें दोबारा साइकिल दे दिया गया है। और वह सरकार की इस योजना का लाभ नहीं उठा पा रही है। संतोषी चेलकर ने निवेदन करते हुए कहा है कि उन्हें भी विकलांग साइकिल उपलब्ध कराया जाए और सरकार की अन्य योजना का लाभ दिया जाए। ताकि उसे आने-जाने में जो समस्याएं हो रही है उसका निराकरण हो सके।




