Homeहमर बिलासपुरमहिला दिवस पर बिलासपुर रेलवे मंडल का भव्य आयोजन, नुक्कड़ नाटक से...

महिला दिवस पर बिलासपुर रेलवे मंडल का भव्य आयोजन, नुक्कड़ नाटक से जागरूकता का संदेश

महिला दिवस के अवसर पर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रेलवे के विभिन्न विभागों की सशक्त महिलाओं ने भाग लिया। आयोजन का मुख्य आकर्षण नुक्कड़ नाटक रहा, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीनियर डीसीएम अनुराग सिंह ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिलाओं को जागरूक और सशक्त करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने रेलवे प्रशासन द्वारा महिलाओं के हित में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया और प्रतिभागियों को बधाई दी। इस दौरान स्काउट गाइड की टीम ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों, घरेलू हिंसा और अन्य सामाजिक कुरीतियों पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। उन्होंने दिखाया कि किस तरह जागरूकता और सही कदम उठाकर महिलाएं अपने अधिकारों की रक्षा कर सकती हैं। यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए काफी प्रभावशाली रही। वहीं, टीटीई कर्मचारियों ने भी नुक्कड़ नाटक के जरिए यात्रियों को यूपीआई भुगतान के अधिकतम उपयोग की समझाइश दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल भुगतान से पारदर्शिता बढ़ती है और रेलवे प्रशासन को सीधे लाभ मिलता है। इस दौरान यात्रियों को यूपीआई से टिकट खरीदने और जुर्माना भरने की प्रक्रिया भी समझाई गई। टिकट क्लर्क कर्मचारियों द्वारा भी डिजिटल इंडिया अभियान को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि अब यात्री मोबाइल ऐप और एटीवीएम मशीन के जरिए आसानी से टिकट प्राप्त कर सकते हैं, जिससे टिकट काउंटर की लंबी कतारों से बचा जा सकता है। महिला टिकट क्लर्कों ने यात्रियों को इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला टीम को सम्मानित किया गया। रेलवे प्रशासन ने इस तरह के जागरूकता अभियानों को भविष्य में भी जारी रखने का संकल्प लिया। इस आयोजन ने महिला सशक्तिकरण और डिजिटल जागरूकता को नई दिशा देने का काम किया, जिसे यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने खूब सराहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments