होली के दिन नशे में धुत युवकों को गाली-गलौच से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। युवकों ने न केवल उसकी बेरहमी से पिटाई की, बल्कि चाकू से लगातार 7-8 वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीडीह में हुई। घायल अरुण दास ने बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठा था, तभी सोम चौहान, मनीष, शुभम बंजारा और करन नामक युवक वहां पहुंचे और तेज आवाज में गाली-गलौच करने लगे। जब अरुण ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो वे भड़क गए और उस पर हमला कर दिया। पहले लात-घूंसों से पीटा, फिर चाकू से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अरुण को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसका गहन उपचार कर रही है। इधर, घटना को लेकर इलाके में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।




