कलेक्टर अवनीश शरण ने अपनी साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। जनदर्शन में आज जिले के आम लोगों के साथ ही बुजुर्ग महिलाएं एवं किसान अपनी समस्या के निराकरण के लिए कलेक्टोरेट पहुंचे। इस दौरान लोगों ने व्यक्तिगत एवं सामूहिक मामलों को लेकर आवेदन दिया। उन्होंने मिलने पहुंचे हर व्यक्ति से मुलाकात कर उनकी परेशानी पूछी और इनके समुचित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कुछ आवेदनों का फोटो खींचकर कलेक्टर ने अधिकारियों को स्वयं ही वाट्सएप कर जल्द निराकरण करने कहा। साप्ताहिक जनदर्शन में ग्राम भरारी निवासी सुशीला बाई ने अपनी जमीन पर बेजा कब्जा करने की शिकायत की। कोटा ब्लॉक की चपोरा निवासी उर्मिला बाई ने कलेक्टर से मुलाकात कर मुआवजा राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि रतनपुर से केंदा मार्ग में उनकी जमीन प्रभावित हुई है। भू-अर्जन में किए गए प्रकाशन सूची में उनका नाम अंकित नहीं हुआ है। कलेक्टर ने इस आवेदन को एसडीएम को सौंपते हुए निराकरण के आदेश दिए हैं। ग्राम घुरू तहसील सकरी निवासी मोहित राम कौशिक ने सीमांकन के लिए आवेदन दिया। इस मामले को एसडीएम देखेंगे। जूना बिलासपुर निवासी मृदु भोई ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का लाभ दिलाने आवेदन दिया। ग्राम बिटकुली निवासी रागिनी गुप्ता ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की मांग की।




