ग्राम पंचायत मानिकपुर में दस दिनों से चल रही अखण्ड नवधा रामायण का आज भव्य समापन हुआ। 19 मार्च से शुरू हुई इस रामकथा यात्रा का समापन हवन, सहस्त्रधारा, ब्राह्मण भोजन और पूजन-विसर्जन के साथ विधिवत संपन्न हुआ।इस आयोजन के दौरान संपूर्ण ग्राम भक्ति के रस में सराबोर रहा। 28 मार्च को कथा का विश्राम हुआ, जिसमें भजन-कीर्तन, प्रवचन और मानस मंडलियों के मधुर गायन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।आयोजन समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों और भक्ति भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए किया गया था। पूरे आयोजन के दौरान भव्य धार्मिक प्रवचन, कीर्तन और भक्ति संगीत का आयोजन हुआ,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।पूरे कार्यक्रम के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया गया। मंच संचालन की जिम्मेदारी संतोष कुमार कैवर्त ने संभाली, वहीं भोजन व्यवस्था में विनोद कुमार, विष्णु मरावी और अन्य सदस्यों ने अपना योगदान दिया।धार्मिक प्रतियोगिताओं से बढ़ी जागरूकता रामकथा के दौरान धार्मिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में 11,101 रुपये समेत कई पुरस्कार वितरित किए गए। समिति ने बताया कि इस आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का विस्तार हुआ है।भक्ति, श्रद्धा और राम नाम के संकीर्तन से गूंजता यह आयोजन श्रद्धालुओं के हृदय में अटूट आस्था की ज्योति प्रज्वलित कर गया।


