
तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित अंग्रेजी प्रीमियम शॉप में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में संजू बेरिया, धरपोंगा चतुरबेदानी और अजित कुमार राजवाड़े उर्फ गोलू शामिल हैं। आरोपियों ने शॉप के टिन शेड और फॉल्स सीलिंग तोड़कर अंदर घुसते हुए दराज में रखे 97,800 रुपए पार कर दिए थे।एएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि चोरी के पैसों से संजू ने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए मोबाइल खरीदा और शेष रकम दोस्तों के साथ पार्टी में उड़ा दी।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल जब्त किया है। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर नागरिकों में विश्वास बढ़ा है।




