
बिलासपुर जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाल लिया है।यातायात, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, वन और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य एजेंसियों की टीम ने छह चिन्हित ब्लैक स्पॉट का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों का विश्लेषण किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में मस्तूरी तिराहा, भदौरा मोड़, सेंदरी चौक, जाली मोड़, पंथी और जांजी मोड़ जैसे संवेदनशील स्थलों पर दुर्घटना के मुख्य कारण अवैध अतिक्रमण, खराब विजिबिलिटी, डिवाइडर की कमी और अनियोजित ढाबा की पहचान की गई। साथ ही, सुरक्षा उपायों जैसे रंबल स्ट्रिप, रेलिंग और संकेतक लगाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।

टीम ने तय किया है कि इन ब्लैक स्पॉट्स पर जल्द ही सुधारात्मक कार्य शुरू होंगे और भविष्य में भी समय-समय पर निगरानी की जाएगी। एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दुर्घटनाओं में हो रही जनहानि पर अंकुश लगाया जा सके।




