
चांम्पा नगर में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गर्मी के इस मौसम में घंटों बिजली गुल रहने से नागरिकों में रोष व्याप्त है। इसी को लेकर नगर के वरिष्ठ नागरिकों ने स्थानीय विधायक के साथ मिलकर बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता से मुलाकात की।स्थानीय नागरिकों ने अभियंता के चेम्बर में बैठकर विस्तार से चर्चा की और नगरवासियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि अघोषित बिजली कटौती के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई, व्यापारियों का कामकाज और आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। इस मौके पर विधायक ने भी बिजली व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की और अधिकारियों से समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की। विधायक एवं वरिष्ठ नागरिकों ने अभियंता को स्पष्ट रूप से कहा कि यदि आगामी पन्द्रह दिनों के भीतर बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे नागरिकों के साथ मिलकर बिजली विभाग के कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।




