Homeहमर बिलासपुरकर्नल सोफिया पर विवादित टिप्पणी से सियासत गरमाई, कांग्रेस ने की देशद्रोह...

कर्नल सोफिया पर विवादित टिप्पणी से सियासत गरमाई, कांग्रेस ने की देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर जब देश गर्व में डूबा है और प्रधानमंत्री मोदी खुद एयरबेस जाकर जवानों का हौसला बढ़ा रहे हैं, ऐसे समय में मध्य प्रदेश के केबिनेट मंत्री विजय शाह की टिप्पणी ने विवाद खड़ा कर दिया है। मंत्री द्वारा महिला सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन कहे जाने पर राजनीतिक बवाल मच गया है। इसे सेना और देश की भावनाओं का अपमान बताते हुए विरोध तेज हो गया है। इस बयान के खिलाफ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया। जिला कांग्रेस कमेटी ने नेहरू चौक पर मंत्री विजय शाह का पुतला दहन कर नारेबाजी की।

ज़िलाध्यक्ष विजय केशवानी, शहर अध्यक्ष विजय पांडे और अन्य नेताओं ने मंत्री के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को मंत्रिमंडल से तुरंत बर्खास्त कर जेल भेजा जाना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा मंत्री को बचाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि अब तक न तो कोई ठोस कार्रवाई की गई है और न ही पार्टी ने अपने स्तर पर कोई स्पष्ट रुख अपनाया है। शहर अध्यक्ष विजय पांडे ने बयान को स्त्रीविरोधी, सेना विरोधी और राष्ट्र विरोधी करार दिया।

उन्होंने कहा कि माफी मांगने के बावजूद मंत्री का व्यवहार यह दिखाता है कि वह पूरे मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इस पूरे मामले में हाईकोर्ट ने भी संज्ञान लिया है, जिससे मामला और गरमा गया है। कांग्रेस ने इसे अब जन आंदोलन का रूप देने की चेतावनी दी है। नेताओं का कहना है कि देश की सैन्य अधिकारी का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मंत्री को उनके पद से हटाए जाने तक विरोध जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments