
थाना सारागांव क्षेत्र का कुख्यात गुंडा महेश यादव आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। महिला के साथ दैहिक शोषण कर फरार चल रहे आरोपी को जांजगीर पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और उसका जुलूस निकाला। शर्मनाक यह कि गिरफ्तारी से बचने आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने के लिए दाढ़ी-मूंछ तक साफ करवा ली थी।महेश यादव पर आरोप है कि उसने खुद को बड़ा बदमाश बताते हुए पीड़िता को पिस्टल से जान मारने की धमकी दी और डरा-धमका कर शोषण किया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार था, जिसे पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में गठित टीम ने चांपा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके ठिकाने और वाहन की तलाशी ली गई, हालांकि पिस्टल नहीं मिला। उसकी थार गाड़ी जब्त की गई है। आरोपी पर कई गम्भीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है।महेश यादव पूर्व में भी हथियार लहराकर पेट्रोल पंप में मारपीट जैसे मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। इस बार उसकी गिरफ्तारी के बाद थाना जांजगीर पुलिस ने जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। कार्रवाई में सीएसपी कविता ठाकुर, एएसपी उमेश कश्यप, थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही।




