
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र से कांग्रेस पार्षद अमित भारते पर चौंकाने वाला आरोप सामने आया है। 70 वर्षीय बुजुर्ग दादी राजकुमारी भारते ने अपने ही पोते पर पैतृक संपत्ति को फर्जी तरीके से बेचने और विरोध करने पर गला दबाकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में सकरी पुलिस ने कांग्रेस पार्षद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।पीड़िता राजकुमारी भारते ने बताया कि ग्राम दलदलिहापारा, सकरी स्थित उनकी पैतृक जमीन को पार्षद अमित भारते ने धोखे से बेच दिया।

जब वह अपने नाती नंदकुमार भारते के साथ जमीन की जानकारी लेने पहुंचीं, तो पोते अमित ने गुस्से में आकर उनके साथ मारपीट की, गला दबाया और धक्का देकर गिरा दिया। आरोपी ने बुजुर्ग महिला को गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी।बुजुर्ग महिला की शिकायत पर सकरी थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। सीएसपी निमितेश सिंह परिहार ने बताया कि आरोपी कांग्रेस पार्षद पहले भी सूदखोरी, जुआ और सट्टा जैसे मामलों में चालान हो चुका है। बुजुर्ग से मारपीट और संपत्ति हड़पने की यह घटना उसकी पुरानी प्रवृत्तियों को उजागर करती है।फिलहाल पीड़िता न्याय की गुहार लगा रही है और मामले की जांच जारी है। सकरी पुलिस पूरे प्रकरण की विवेचना कर रही है। पार्षद के खिलाफ की गई शिकायत के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।




