
बिलासपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। जलभराव और फिसलन भरी सड़कों से लोगों को खासी परेशानी हो रही है। जिला प्रशासन और पुलिस ने हालात को देखते हुए सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।जारी एडवाइजरी में खासतौर पर निचले इलाकों में रहने वालों से सतर्क रहने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से नदियों, तालाबों, नालों और जल स्रोतों के पास जाने से परहेज करने को कहा है, क्योंकि जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी से जानमाल को खतरा हो सकता है।खुले बिजली के तारों, टूटे खंभों और पेड़ों से दूर रहने की चेतावनी भी दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में 112, 101 या 108 नंबरों पर संपर्क करने की अपील की गई है। पुलिस और राहत टीमें पूरी मुस्तैदी से हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल सरकारी सूचना पर भरोसा रखने को कहा है।




