
बरसात में अक्सर अंडरब्रिज बन जाते हैं तालाब, लेकिन इस बार बिलासपुर रेल मंडल पहले से सतर्क है। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए रेलवे ने ठोस रणनीति अपनाई है, जिससे आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है। रेल मंडल प्रशासन ने बरसात से पहले ही सभी चिन्हित अंडरब्रिजों की निगरानी व्यवस्था लागू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इन स्थानों पर 24 घंटे निगरानी रखने के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जलस्तर की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि पानी भरने की स्थिति न बने।बिलासपुर स्टेशन यार्ड के दोनों ओर स्थित अंडरब्रिजों में ऑटोमैटिक इलेक्ट्रिक पंप लगाए गए हैं, जो बारिश के समय जलस्तर के अनुसार खुद-ब-खुद चालू हो जाते हैं। इसके अलावा जेटिंग मशीन और अन्य पंपिंग सेट भी तैयार हालत में रखे गए हैं।रेलवे ने हर अंडरब्रिज की दीवारों पर जल स्तर संकेतक बनाए हैं और संबंधित रेल पर्यवेक्षकों के मोबाइल नंबर भी चस्पा किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहगीर फौरन संपर्क कर सकें।सीनियर डीसीएम ने कहा कि रेल प्रशासन द्वारा सभी जरूरी इंतज़ाम कर लिए गए हैं। यात्रियों और आम नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। हर अंडरब्रिज पर कर्मचारियों की ड्यूटी और पंप की तैनाती सुनिश्चित की गई है। रेल प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भारी वर्षा के दौरान अंडरब्रिज का प्रयोग करते समय सतर्क रहें। किसी भी असुविधा की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें। रेलवे की यह तत्परता निश्चित ही यात्रियों को बारिश में राहत पहुंचाने वाली साबित होगी।




