
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरुपीठ में पहुंचकर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने पूरे प्रदेश के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए उपासना स्थल में पूजा-अर्चना व ध्यान साधना भी की। मुख्यमंत्री ने आश्रम में अघोरेश्वर के प्रिय शिष्य प्रियदर्शी भगवान राम जी से मुलाकात कर आशीर्वाद और आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने संत समाज से भेंट कर आध्यात्मिक संवाद भी किया और कहा कि यह अवसर आत्मचिंतन और गुरुवाणी के स्मरण का दिन है, जिससे व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा गुरु का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है।वे हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं।

गुरुपीठ में दर्शन करना मेरे लिए एक आध्यात्मिक अनुभूति है और मैं प्रदेशवासियों की उन्नति और कल्याण की प्रार्थना करता हूं।इस मौके पर वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक पुरंदर मिश्रा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालुजन भी मौजूद रहे।सभी ने मिलकर गुरुपीठ में श्रद्धा भाव से आराधना की और गुरुवाणी को आत्मसात किया।मुख्यमंत्री ने अंत में सभी नागरिकों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि राज्य में धर्म, सेवा और सद्गुणों की भावना निरंतर प्रबल होती रहेगी। उन्होंने युवाओं से गुरुजनों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ने की भी अपील की। गुरुपीठ परिसर में दिनभर गुरु पूजन, भजन, प्रवचन और प्रसाद वितरण का आयोजन चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भी गुरु पूर्णिमा के इस पावन दिन को भक्ति, सेवा और ध्यान में लीन होकर मनाया। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा में सराबोर रहा।




