
बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है…जहां पुरानी रंजिश और नशे की लत ने एक युवक की जान ले ली।नयापारा के पास जंगल में कीचड़ में मिली लाश ने पूरे इलाके को दहला दिया है। शनिवार देर शाम नयापारा के जंगल में डबरा नुमा गड्ढे के कीचड़ में एक युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान सिरगिट्टी निवासी कैलाश ध्रुव के रूप में हुई है, जो शुक्रवार रात से लापता था। परिजनों ने रातभर तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। शनिवार शाम स्थानीय लोगों ने शव देख पुलिस को सूचना दी।सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची, और भीड़ को देखते हुए सीएसपी निमितेश सिंह परिहार अतिरिक्त बल के साथ पहुंचे।

कीचड़ में फंसे शव को बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।थाना प्रभारी के अनुसार मृतक कैलाश का कुछ दिन पहले नयापारा के युवकों से विवाद हुआ था।वहीं क्षेत्र से जानकारी मिली कि शुक्रवार रात वह शराब के नशे में उन्हीं के मोहल्ले में एक युवती को धमका रहा था।

इसके बाद जब वह तीन साथियों के साथ बाइक से लौट रहा था, तभी घात लगाकर 8 लोगों ने उसपर डंडे और रापा से हमला किया।हमले के बाद उसके दो साथी जान बचाकर भाग गए, लेकिन कैलाश जंगल की ओर भागते हुए कीचड़ में फंस गया।अत्यधिक खून बहने और चोटों के कारण वहीं उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आठ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जल्द पूरे मामले से पर्दा उठाया जाएगा। यह सनसनीखेज हत्या सिरगिट्टी पुलिस की गश्त व्यवस्था और नशे के खिलाफ कार्रवाई की पोल खोल रही है।घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सिरगिट्टी क्षेत्र नशे के दलदल में धंसा हुआ है। नाबालिग से लेकर युवक तक गांजा, शराब और हथियारों से लैस घूमते हैं।

कैलाश की हत्या की जड़ में भी यही नशे की रंजिश सामने आई है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि नयापारा में खुलेआम अवैध शराब, गांजा और नशीले पदार्थ बिकते हैं। पुलिस को सब कुछ मालूम होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।उल्टा कुछ पुलिसकर्मीयों के संरक्षण से ही इनका नशे का अवैध काला कारोबार फल फूल रहा है।




