
सीएमडी चौक स्थित चर्च ऑफ ख्राईष्ट तारबाहर में रविवार को “ग्रीन संडे” खास अंदाज में मनाया गया। चर्च की निर्वाचित प्राचीन समिति (पास्टर सुदेश पॉल समूह) ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदायक पौधों का सामूहिक रोपण किया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में सदस्य हरे परिधान पहनकर शामिल हुए, जिससे पूरा प्रांगण हरियाली की चादर से ढका नजर आया।सदस्यों ने ‘एक पेड़ – जीवन के लिए’ संकल्प के साथ पौधे लगाए। आयोजन का उद्देश्य न सिर्फ पौधारोपण था, बल्कि हर नागरिक में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना जगाना भी था। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन सिर्फ धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक कर्तव्यों को निभाने की प्रेरणा भी है।कार्यक्रम की शुरुआत संचालनकर्ता राकेश पॉल ने की। बाइबल वाचन प्रवीण जैसल ने किया और प्रार्थना में मंजू निशा, एंजेलिना पॉल, ज्योति वालेस और आश्रिता डेविड ने अगुवाई की। सीनियर पास्टर सुदेश पॉल ने बाइबल के सन्दर्भ से वृक्षों की महत्ता समझाई—”सृष्टि के तीसरे दिन परमेश्वर ने हरियाली दी, और कहा, यह अच्छा है।”पास्टर पॉल ने बताया कि पेड़ हमें न सिर्फ फल, छाया और लकड़ी देते हैं, बल्कि ऑक्सीजन और धरती के जल संतुलन को बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पर्यावरण को ईश्वर की अनमोल देन बताया और सदस्यों से आग्रह किया कि हर मौसम में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं।चर्च आराधना के बाद महिला सभा, जवान सभा, मेंस फैलोशिप, एल्डर्स व प्राचीन समिति के सदस्यों ने मिलकर प्रांगण में पौधारोपण किया। सभी ने इस आयोजन को उत्सव की तरह मनाया। सदस्यों ने सामूहिक प्रार्थना करते हुए वर्षा ऋतु में किसानों के लिए अच्छी बारिश, फसल और जन-कल्याण की कामना की।इस कार्यक्रम में चर्च परिवार के वरिष्ठ-जूनियर सभी सदस्यों की सराहनीय सहभागिता रही। हर वर्ग ने वृक्षारोपण को जीवनोपयोगी धर्म बताया। इस अवसर पर करीब 50 से अधिक नामचीन सदस्यों की सहभागिता रही, जिनमें विल्सन जॉन मसीह, अरविंद कुमार, सनी जॉन, मनीष दास, सुनीता मसीह, प्रेरणा बारा, जेनिफर पॉल आदि प्रमुख थे।ग्रीन संडे ने तारबाहर चर्च को न सिर्फ हरा-भरा बनाया, बल्कि सभी को यह अहसास भी दिलाया कि पर्यावरण की रक्षा सिर्फ सरकार या संस्थाओं का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। अंत में सीनियर पास्टर सुदेश पॉल ने सभी को आशीर्वाद देकर कार्यक्रम का समापन किया।




