
सरकंडा क्षेत्र के सीपत रोड स्थित एक नए कॉम्प्लेक्स के सामने सोमवार को बिजली विभाग के कर्मचारियों ने दो पेड़ों की टहनियों की छंटाई के नाम पर पूरे पेड़ काट दिए। पेड़ काटने की कार्रवाई का वीडियो स्थानीय लोगों ने बना लिया, जिसे एसडीएम मनीष साहू और बिजली विभाग के अधिकारियों को भेजते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉम्प्लेक्स संचालक ने बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर यह साजिश रची।स्थानीयों का कहना है कि बिना अनुमति के विभागीय कर्मचारियों ने पेड़ों को पूरी तरह काट दिया और जब विरोध हुआ तो वे केवल टहनियों की छंटाई का बहाना बनाने लगे। आरोपों के अनुसार, बिजली विभाग की गाड़ी मौके पर मौजूद थी और पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी लोगों ने वायरल किया है। उनका कहना है कि सरकार एक ओर हरियाली और पर्यावरण बचाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर सरकारी विभाग ही हरे-भरे पेड़ों की बलि दे रहे हैं।वहीं, कॉम्प्लेक्स संचालक की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि परिसर के सामने लगे खंभे को हटाने के लिए बिजली विभाग में आवेदन किया गया था, साथ ही खंभे के पास लगे पेड़ों की टहनियों की छंटाई की भी अनुमति मांगी गई थी क्योंकि वे बिजली की तारों को छू रही थीं। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरी तरह से पेड़ काटने की योजना थी, जो बिना विभागीय स्वीकृति के अंजाम दी गई और यह पर्यावरण संरक्षण के दावों पर बड़ा सवाल है।




