
नगर निगम बिलासपुर द्वारा शहर में लगातार हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मुहिम तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में जोन क्रमांक 4 के अंतर्गत मैग्नेटो रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले और दुकानों को हटाया गया। जोन कमिश्नर सागर राज के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में एक गुमटी को जप्त कर लिया गया। इसके अलावा अन्य दुकानदारों को भी सख्त चेतावनी दी गई कि यदि वे फुटपाथ या सड़क पर सामान रखकर यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण से न सिर्फ पैदल चलने वालों को परेशानी होती है, बल्कि यातायात भी बुरी तरह प्रभावित होता है। खासकर व्यस्त सड़कों पर ठेले और अवैध दुकानें जाम का कारण बनती हैं। इसीलिए ऐसे अवैध अतिक्रमण को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जोन कमिश्नर सागर राज ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई निगम आयुक्त अमित कुमार के निर्देश पर की जा रही है। निगम का स्पष्ट निर्देश है कि शहर में किसी भी क्षेत्र में अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए। नगर निगम की टीम ने दुकानदारों और ठेलेवालों को साफ चेतावनी दी है कि आगे से सड़क या फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों का सामान जप्त किया जाएगा और दोबारा उल्लंघन की स्थिति में भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।




