
बिलासपुर के अंतर्गत आने वाले दैजा गांव में गौचर भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। गौ सेवको ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर वर्ष 2018 में स्वीकृत मुक्त गौठान भूमि पर कब्जा कर निर्माण करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि गांव के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा गौचर भूमि पर लगातार अतिक्रमण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत द्वारा गौठान के लिए चिन्हित की गई भूमि पर लोगों ने पक्का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, जिससे भविष्य में गोवंश के लिए आवंटित स्थल पर संकट उत्पन्न हो सकता है।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में तत्कालीन जनपद पंचायत अध्यक्ष और अधिकारियों की उपस्थिति में जमीन की पैमाइश और चिन्हांकन कर ग्रामीणों की सहमति से गौठान की योजना बनाई गई थी। लेकिन अब कुछ लोगों ने उस निर्णय को दरकिनार कर भूमि पर कब्जा कर लिया है। गौ सेवको ने कलेक्टर से मांग की है कि अविलंब मौके पर जाकर सत्यापन किया जाए और जिन लोगों ने गलत तरीके से गौचर भूमि पर कब्जा किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पंडित सचिन द्विवेदी और गोपाल कृष्ण रामानुज द्वारा दिए गए इस आवेदन में प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गायों की देखभाल और चारे-पानी की व्यवस्था ठप हो जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासनिक निष्क्रियता के खिलाफ ग्रामीण बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे।




