
रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट :- रतनपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एक मानवीय और अभिनव पहल शुरू की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा और थाना प्रभारी नरेश सिंह चौहान की अगुवाई में पुलिस टीम ने रतनपुर महामाया चौक पर सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी बांधी। उद्देश्य है – अंधेरे में भी वाहन चालकों को मवेशी दूर से दिख सकें और हादसे टाले जा सकें।

गैरतलब हो कि हाल ही में रतनपुर-बेलगहना रोड पर बारीडीह के पास सड़क दुर्घटना में दर्जनभर मवेशियों की मौत हो गई थी, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस ने तय किया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए रिफ्लेक्टिव रेडियम पट्टी की पहल जरूरी है। बरसात में मवेशियों का सड़क पर बैठना आम बात है, और यही अकसर दुर्घटना का कारण बनता है।थाना प्रभारी नरेश सिंह चौहान ने बताया कि मवेशियों को रेडियम पट्टी बांधने से वाहन चालक दूर से सतर्क हो सकेंगे और इससे मवेशियों के साथ-साथ आमजन की जान भी बचेगी।

उन्होंने कहा कि यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।एडिशनल एसपी अर्चना झा ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने मवेशियों को खुले में छोड़ने से बचें। पुलिस प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है और इस पहल को जनभागीदारी से और भी सफल बनाया जाएगा। उनका स्पष्ट संदेश था रेडियम पट्टी सिर्फ चमक नहीं, ज़िंदगी की हिफाज़त है।




