
बिलासपुर ने स्वच्छता की दिशा में इतिहास रचते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में देशभर के 3 लाख से 10 लाख जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महापौर पूजा विधानी और नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने पुरस्कार ग्रहण किया। गौरतलब है कि पिछले साल बिलासपुर को 28वां स्थान मिला था और इस साल 4589 शहरों में टॉप 3 में जगह बनाकर बिलासपुर ने उल्लेखनीय छलांग लगाई है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे नगर निगम द्वारा योजनाबद्ध और संसाधन आधारित प्रयास शामिल हैं। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के लिए नए क्षेत्रों में 36 छोटी गाड़ियों की खरीदी कर व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। वर्तमान में 162 वाहनों के माध्यम से 260 टन कचरा प्रतिदिन इकट्ठा किया जा रहा है। 349 स्वच्छता दीदियों सहित कुल 700 कर्मचारियों की टीम पूरे 70 वार्डों में कार्यरत है।शहर में मैकेनाइज्ड और मैन्युअल सफाई व्यवस्था को दोगुना करते हुए प्रतिदिन 49.34 किमी क्षेत्र में सफाई की जा रही है, जिसमें सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाकर 2063 कर दी गई है।

इसके अलावा सी एंड डी वेस्ट प्लांट, वेस्ट टू वंडर पार्क, फीडबैक युक्त शौचालय, और चार एसटीपी प्लांट्स ने भी शहर को स्वच्छता में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिए नगर निगम ने जागरूकता अभियान चलाए, स्वच्छता पेट्रोल वैन द्वारा गंदगी फैलाने वालों पर 14.58 लाख का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और मीडिया की भागीदारी ने भी लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।

यूज़र चार्ज में 37% की वृद्धि, अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई, सीवर सफाई हेतु नई मशीनों की खरीदी, और इंसीनेटर मशीनों की स्थापना जैसे कदमों ने बिलासपुर को स्वच्छता में देश के टॉप शहरों में शामिल कर दिया। गंदगी मुक्त चौक-चौराहे और सुंदर डिवाइडर्स अब शहर की नई पहचान हैं। इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल और कमिश्नर अमित कुमार ने शहरवासियों, निगम कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए इसे “सामूहिक प्रयास और टीम वर्क का नतीजा” बताया और आने वाले वर्षों में पहला स्थान प्राप्त करने का संकल्प दोहराया।




