
इटावा के दांदरगांव गांव में चल रहे भागवत कथा कार्यक्रम के दौरान कथावाचक और उनके सहायकों द्वारा कथित तौर पर यादव समाज के लोगों के साथ जातिगत अपमान का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा बिलासपुर संभाग ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। महासभा के अनुसार, कथा वाचक द्वारा कथा के दौरान यादव समाज के व्यक्ति से जाति पूछने के बाद अपमानजनक व्यवहार किया गया। कथित तौर पर उस व्यक्ति के बाल कटवा दिए गए, नाक-रगड़वाई किया गया और उसे मारपीट कर कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाल दिया गया।

इस घटना से समाज में गहरा रोष व्याप्त है। ज्ञापन में महासभा ने आरोप लगाया है कि यह घटना न केवल मानवीय गरिमा के खिलाफ है, बल्कि यह संविधान द्वारा प्रदत्त समानता के अधिकारों का भी घोर उल्लंघन है। समाज के प्रतिनिधियों ने इसे जातीय भेदभाव और अपमान की गंभीर घटना बताया है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। यादव महासभा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, उन्होंने न्यायालय के समक्ष यह मामला प्रस्तुत कर सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने की बात कही है। ज्ञापन सौंपने वालों में महासभा के युवा प्रमुख लक्ष्मी यादव सहित कई सदस्यों के हस्ताक्षर शामिल हैं।




