
शहर में बढ़ते यातायात दबाव और अव्यवस्था को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने शुक्रवार को सरकंडा मार्ग सहित व्यस्त चौक-चौराहों व डिवाइडर कटिंग स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए जरूरी सुधारात्मक उपायों पर अधीनस्थ अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान रॉन्ग साइड वाहन संचालन, अवैध पार्किंग और अनाधिकृत डिवाइडर कटिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।अपर पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में क्यूआरटी क्विक रिस्पॉन्स टीम को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

बरसात के मौसम में सड़क किनारे जलभराव और गीले सोल्डर के चलते आवागमन बाधित न हो, इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है। कई स्थानों पर यू-टर्न के लिए डिवाइडर ओपनिंग को चिन्हित कर सुव्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि वाहन चालकों की रॉन्ग साइड चलने की आदत पर लगाम लगाई जा सके।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि नो पार्किंग जोनों में वाहन खड़ा करना, गलत दिशा में वाहन चलाना और दुकानदारों द्वारा सड़कों पर सामग्री फैलाना यातायात बाधा का प्रमुख कारण बन रहे हैं। इन सभी को लेकर यातायात पुलिस द्वारा समन शुल्क सहित चेतावनी वाले बैनर लगाए गए हैं और माइक से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




