
छत्तीसगढ़ सराफा व्यवसाय संघ ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर आम उपभोक्ताओं से अपील की कि वे सोने की खरीदारी करते समय जागरूक रहें और भ्रामक प्रचारों के झांसे में न आएं।संघ ने कहा कि सोना केवल धातु नहीं, विश्वास का प्रतीक है और इसे खरीदते वक्त पारदर्शिता और जानकारी बेहद ज़रूरी है।संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘कम रेट में सोना’ देने वाले विज्ञापन अक्सर मनोवैज्ञानिक प्रलोभन होते हैं। दरअसल सोने की कीमत पूरे देश में एक समान होती है, लेकिन कई कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए छूट का झांसा देती हैं,

जो असल में डिज़ाइनर गहनों पर लागू होती है, न कि शुद्ध सोने की दर पर।प्रेस वार्ता में सराफा संघ ने उपभोक्ताओं को 9 अहम सलाहें दीं जैसे हर गहने में BIS हॉलमार्क की जांच करें, मेकिंग चार्ज स्पष्ट पूछें, पूरे कैलकुलेशन की पुष्टि करें, पक्का बिल लें और स्टोन का वजन अलग दिखवाएं। उन्होंने कहा कि ग्राहक सवाल पूछने का पूरा अधिकार रखते हैं और जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।संघ ने यह भी अपील की कि लोग केवल प्रमाणित दुकानों से ही खरीदारी करें और हर गहने के साथ उसकी जानकारी, एक्सचेंज नीति और हॉलमार्किंग जैसी बातों की पूरी पुष्टि करें। एक सतर्क ग्राहक जहां खुद को नुकसान से बचाता है, वहीं उद्योग में ईमानदारी की मिसाल भी कायम करता है।




