रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट: बिलासपुर कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बगदेवा और चेपा के बीच एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात ट्रेलर की ठोकर से एक ऊंट की मौत हो गई। यह हादसा देर रात हुआ, लेकिन अब तक ऊंट का शव सड़क से नहीं हटाया गया है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।मिली जानकारी के अनुसार, जंगल से भटक कर सड़क पार कर रहे ऊंट को तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऊंट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर कोई जिम्मेदार विभाग या हाईवे पेट्रोलिंग टीम नहीं पहुंची, जिससे लापरवाही और भी उजागर हो गई है।बता दें कि कुछ दिन पहले यही ऊंट जंगल के दलदल में फंस गया था, जिसे नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप की पहल पर रेस्क्यू कर बचाया गया था। लेकिन अब वही ऊंट सड़क हादसे का शिकार हो गया। सवाल यह उठता है कि इतना बड़ा जानवर सड़क पर मौजूद होते हुए भी वाहन चालक की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी।स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर मवेशियों की आवाजाही लगातार हादसों को न्योता दे रही है। कभी मवेशी तो कभी आम नागरिक इन हादसों की चपेट में आ रहे हैं। पुलिस विभाग द्वारा मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी बांधने जैसी पहल जरूर की जा रही है, लेकिन वह नाकाफी साबित हो रही है। लोगों ने मांग की है कि मवेशियों के लिए सुरक्षित कांजी हाउस बनाकर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।




