
बिलासपुर में रह रहे तेलुगु भाषी समाज द्वारा आगामी रविवार, को एक भव्य गौरव सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन शहर के रेलवे नॉर्थ ईस्ट इंस्टिट्यूट सभागार, बुधवारी बाजार में शाम 6 बजे से 8 बजे तक संपन्न होगा।

इस अवसर पर तेलुगु समाज का नाम प्रदेश और शहर में रोशन करने वाले चार विशिष्ट व्यक्तित्वों को समाज की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इनमें छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती एल. पद्मजा, सेंट जेवियर्स स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. जीएस पटनायक तथा अमिटी ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटी के सीनियर डायरेक्टर डॉ. अरुण पटनायक शामिल हैं।
आयोजन को सफल बनाने के लिए हाल ही में रेलवे क्षेत्र स्थित श्री बालाजी मंदिर में तेलुगु समाज के विभिन्न संगठनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यह कार्यक्रम न केवल एक सम्मान समारोह होगा बल्कि इसे तेलुगु संस्कृति और
परंपराओं के उत्सव के रूप में भी प्रस्तुत किया जाएगा।सम्मान समारोह के साथ-साथ तेलुगु समाज की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करने वाले पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी होंगी।




