
थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा की 12 वर्षीय बालिका की हत्या मामले में फरार चल रहे ₹30,000 के इनामी आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिचरी नदी किनारे घुमते हुए मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया।26 जुलाई को सवेरे मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में वांछित इनामी आरोपी, थाना नवागढ़ चौकी संबलपुर क्षेत्र निवासी, एक व्यक्ति नदी किनारे हुलिए के अनुसार संदिग्ध रूप से घूम रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली की पेट्रोलिंग पार्टी और डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।पकड़े गए आरोपी की पहचान सोहन राजपूत पिता रज्जू राजपूत, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम सोनपुरी, चौकी संबलपुर, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक कुमार पांडे, प्रआर रमेशचंद्र आदिले, आरक्षक रत्नाकर सिंह, राधारमण पटेल, वीरेन्द्र सिंह और डायल 112 चालक शंभू बैस का सराहनीय योगदान रहा। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए नवागढ़ पुलिस के हवाले कर दिया गया है।




